सूरजपुर, 03 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
सूरजपुर जिले में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। विश्रामपुर थाना में पदस्थ आरक्षक अभय पांडे की एक भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह हादसा सोमवार रात जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-43 पर हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षक अभय पांडे दसवीं बटालियन सिलफिली में आयोजित फिटनेस ट्रेनिंग प्रोग्राम में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। हादसे के बाद सड़क पर खून फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और फरार अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
इस हृदयविदारक हादसे से पुलिस विभाग सहित क्षेत्र में शोक की लहर है।
