*अर्जुन झा*
*दल्ली राजहरा।* ब्लॉक कांग्रेस दल्ली राजहरा के अध्यक्ष रतिराम कोसमा ने कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा आज पेश किया गया बजट आंकड़ों का मायाजाल और जुमलों की पोटली मात्र है। हमारी पार्टी इसे सिरे से खारिज करती है क्योंकि इसमें न तो बेरोजगारी का समाधान है और न ही आसमान छूती महंगाई से राहत देने का कोई ठोस रोडमैप।
बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दल्ली राजहरा के अध्यक्ष रतिराम कोसमा ने कई ने बिंदुओं पर सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा है कि सरकार ने एक बार फिर देश के करोड़ों शिक्षित बेरोजगार युवाओं को उनके हाल पर छोड़ दिया है। बजट में सरकारी रिक्तियों को भरने या नई नौकरियों के सृजन के लिए कोई विशेष पैकेज नहीं दिया गया। स्किल इंडिया के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। एमएसपी की कानूनी गारंटी और स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने के बजाय, सरकार ने कृषि बजट में कटौती कर किसानों के जख्मों पर नमक छिड़का है। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा अब एक कड़वा मजाक बन चुका है। श्री कोसमा ने कहा है कि आयकर स्लैब में मामूली बदलाव के नाम पर मध्यम वर्ग को बहलाने की कोशिश की गई है। हकीकत यह है कि अप्रत्यक्ष करों और महंगाई ने पहले ही आम आदमी की कमर तोड़ दी है। एक ओर सरकार विकसित भारत का सपना दिखा रही है, वहीं दूसरी ओर शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों के बजट आवंटन में कोई खास बढ़ोतरी नहीं की गई है। यह बजट केवल चुनिंदा बड़े पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए बनाया गया है। यह बजट “मित्र काल “का बजट लगता है अमृत काल का बजट कतई नहीं।
