*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* जिले में एक बार फिर चोरों ने कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए 24 घंटे के भीतर शहर से लेकर गांव तक जमकर उत्पात मचाया है।सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की सक्रियता के तमाम दावों के बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामलों में शहर के सनसिटी इलाके में जूता कारोबारी के घर से 15 लाख रुपए से अधिक की चोरी हुई है, वहीं मेडिकल कॉलेज की रेसीडेंशियल कॉलोनी में छह डॉक्टरों के घरों के ताले चोरों ने टूटे हैं।
जूता कारोबारी के घर एक लेब्राडोर नस्ल का कुत्ता भी मौजूद था। जैसे ही चोर घर में घुसा, कुत्ते ने भौंकना शुरू कर दिया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोर ने किसी हथियार को कुत्ते की ओर दिखाया, जिसके बाद कुत्ता कुछ पलों के लिए शांत हो गया। शहर के सनसिटी कॉलोनी में रहने वाले जूता कारोबारी गुरुवार को परिवार के साथ दिनभर अस्पताल में व्यस्त थे। बताया जा रहा है कि जूता कारोबारी की बहू को प्रसव के लिए मेकाज में भर्ती करवाया गया था। शाम को जब परिवार घर लौटा, तब घर से 15 तोला सोने के जेवर और 3 लाख नगद चोरी हो गए थे। सीसीटीवी कैमरे में वारदात कैद हो गई है। चोर ने सीढ़ियां चढ़कर ऊपर पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक युवक घर के पिछले दरवाजे से दाखिल होता है और सीधे फर्स्ट फ्लोर की ओर बढ़ता है। चोर का हावभाव देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसे पहले से ही घर में रखे कीमती सामान और नकदी की पूरी जानकारी थी। वारदात को अंजाम देने वाला चोर सीसीटीवी कैमरे में साफ तौर पर कैद हुआ है। वहीं दूसरी ओर जिस मेडिकल कॉलेज और रेसीडेंसियल कैंपस की सुरक्षा की जिम्मेदारी उस एजेंसी पर है, जिसे हर साल डेढ़ करोड़ रुपए से ज्यादा का भुगतान किया जाता है। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर कॉलोनी में घुसे, ताले तोड़े और सुरक्षा गाडों को भनक तक नहीं लगी। यह घोर आश्चर्य की बात है। उल्लेखनीय है बसंत पंचमी की रात शहर के व्यस्ततम क्षेत्र में स्थित दंतेश्वरी मंदिर में हुई चोरी का खुलासा पुलिस अब तक नहीं कर पाई है। इन घटनाओं ने शहर और अंचल के लोगों को दहशत में डाल दिया है।
