रायपुर, 31 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कबीर नगर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय एक आरोपी को 8.53 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ईशु अग्रवाल के निर्देशन तथा थाना प्रभारी कबीर नगर निरीक्षक एस.एन. सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना कबीर नगर क्षेत्र के बीएसयूपी कॉलोनी में एक व्यक्ति द्वारा नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री किए जाने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 8.53 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके साथ ही एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अवतार सिंह उर्फ पवन (उम्र 31 वर्ष), निवासी जिला फिरोजपुर, पंजाब के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी रायपुर में किन लोगों के संपर्क में था और नशीले पदार्थों की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 21/2026, धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
