रायपुर, 31 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
टी-20 वर्ल्ड कप क्रिकेट की शुरुआत से पहले रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट के माध्यम से क्रिकेट सट्टा खेलाने का काम कर रहे थे।
पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना गंज क्षेत्र अंतर्गत नागोराव गली अंडर ब्रिज के पास चारपहिया वाहनों में बैठकर कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर तीन अलग-अलग चारपहिया वाहनों की घेराबंदी की। तलाशी के दौरान तीनों वाहनों में कुल 6 व्यक्ति सवार मिले, जिनके पास से ऑनलाइन सट्टा संचालन से संबंधित मोबाइल फोन व नकद राशि बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम
राखब देव पाहुजा, पीयूष जैन, जितेन्द्र कुमार कृपलानी उर्फ जित्तू, दीपक अग्रवाल, कमल राघवानी एवं सचिन जैन बताया। जांच में सामने आया कि आरोपी JMD Bet 777 एवं Classic 777 जैसी ऑनलाइन बेटिंग साइट्स की मास्टर आईडी बनाकर कमीशन के आधार पर ग्राहकों को आईडी उपलब्ध करा रहे थे और अवैध रूप से मुनाफा कमा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 37 लाख 50 हजार रुपये नकद, 10 मोबाइल फोन, 2 महिंद्रा थार वाहन तथा एक नेक्सा एक्सएल 6 कार जब्त की है। सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना गंज में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं 112(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ पूर्व में भी जुआ एवं सट्टा के मामलों में जेल जा चुके हैं। वहीं, ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले अन्य ग्राहकों की भी पहचान कर उनके विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जा रही है।
