कोरबा, 31 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है।
रशियन हॉस्टल के पास नहर पुल की लोहे की रेलिंग चोरी के मामले में पुलिस ने 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक कुल 15 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में चैकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार, 17 जनवरी 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों द्वारा रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल में लगी लोहे की रेलिंग को गैस कटर से काटकर चोरी कर लिया गया था। इस संबंध में प्रार्थी द्वारा लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिस पर अपराध क्रमांक 53/2026 धारा 303(2), 112(2), 317(2)(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार प्रयासों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पूर्व में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। शेष फरार आरोपियों की तलाश करते हुए पुलिस ने 5 और आरोपियों को दबोच लिया, जिन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में मनोज कुमार पंडित उर्फ बमजी, राजीव कुमार सिंह, संदीप महत, शिवनारायण सागर उर्फ शिवा एवं आदित्य यादव उर्फ आदि शामिल हैं। सभी आरोपी कोरबा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
