रायपुर, 31 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्रेगुट्टा पहाड़ी में हुए आईईडी विस्फोट में घायल पुलिस जवानों से उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शनिवार शाम रायपुर के एक निजी अस्पताल में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने घायल जवानों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके उपचार की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने घायलों के परिजनों से भी चर्चा कर उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने अस्पताल में मौजूद अधिकारियों व चिकित्सकीय टीम को निर्देश दिए कि जवानों के बेहतर, समुचित और त्वरित उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहे।
घायल जवानों से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री ने घटना की जानकारी ली और उनका मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि राज्य शासन हर परिस्थिति में अपने बहादुर जवानों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि नक्सल विरोधी अभियानों में तैनात जवान अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा के साथ प्रदेश की सुरक्षा में लगे हुए हैं, जिनका बलिदान और समर्पण अमूल्य है।
उल्लेखनीय है कि 25 जनवरी को कर्रेगुट्टा हिल्स क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक के बाद एक कुल छह आईईडी विस्फोट हुए थे, जिसमें डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के 12 जवान घायल हो गए थे। घटना के बाद सभी घायलों को एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। इनमें से छह जवानों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि शेष जवानों की स्थिति में भी लगातार सुधार हो रहा है।
