कवर्धा, 31 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले में कानून-व्यवस्था और सामाजिक मर्यादा बनाए रखने के लिए कबीरधाम पुलिस द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में घुघरी रोड स्थित अटल आवास क्षेत्र में देह व्यापार से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक दलाल समेत तीन युवतियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। दिनांक 30 जनवरी 2026 की रात साइबर थाना एवं थाना कवर्धा (कोतवाली) की संयुक्त टीम द्वारा रात्रिकालीन कॉम्बिंग गश्त के दौरान कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
कार्रवाई के दौरान महिला अधिकारियों और महिला आरक्षकों की विशेष टीम को भी शामिल किया गया था। दबिश के समय मौके से एक पुरुष दलाल एवं तीन युवतियों को हिरासत में लिया गया, जो प्रथम दृष्टया अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए। इन गतिविधियों से क्षेत्र की सामाजिक शांति एवं सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी।
हिरासत में लिए गए दलाल की पहचान
गोलू लहरे, पिता कलम लहरे, उम्र 35 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 17 मिनीमाता चौक, कवर्धा के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में देह व्यापार, अनैतिक कृत्यों एवं सार्वजनिक शांति भंग करने वाली गतिविधियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
