रायपुर, 31 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
घरेलू प्रताड़ना और पति द्वारा साथ छोड़ दिए जाने से पीड़ित एक महिला ने प्रेस क्लब रायपुर पहुंचकर अपनी आपबीती मीडिया के सामने रखी। सारंगढ़ जिले के भटगांव निवासी खुशबू जांगड़े उर्फ तिवारी ने बताया कि वे पहले अपने पति यज्ञ नारायण तिवारी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहीं, बाद में दोनों का विवाह हुआ।
खुशबू का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष के दबाव में उनके पति का व्यवहार बदल गया और उनके साथ मारपीट की जाने लगी। उन्होंने बताया कि दो बच्चे होने के बावजूद पति ने उन्हें स्वीकार नहीं किया। आरोप है कि उनके पति, जो वर्तमान में मुंबई (बांद्रा) में रहते हैं, एक अन्य युवती के संपर्क में आकर उन्हें और बच्चों को छोड़कर अलग हो गए।
पीड़िता ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने अगस्त 2025 में खमतराई थाना में गुमशुदगी व शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक किसी तरह की ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद महिला आयोग में भी आवेदन किया गया, जहां बिना उनका पक्ष पूरी तरह सुने ही प्रकरण निरस्त कर दिया गया।
खुशबू ने प्रेसवार्ता में प्रशासन और पुलिस से न्याय की मांग करते हुए कहा कि वे अपने और अपने बच्चों के भरण-पोषण के लिए पति से गुजारा भत्ता दिलाए जाने की मांग कर रही हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
