कोरबा, 31 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत घुड़देवा इलाके में एक 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवती का शव घुड़देवा स्थित एक पुराने और बंद पड़े क्वार्टर में मिला, जिससे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।
मृतिका की पहचान आरती टंडन (उम्र लगभग 20 वर्ष), पिता अजीत टंडन के रूप में हुई है। आरती मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के गुमिया गांव की निवासी थी और वर्तमान में कोरबा में रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी। वह बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी।
परिजनों के अनुसार, बुधवार को आरती कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घुड़देवा स्थित पुराने क्वार्टर (बी-2/27) की चाबी घर से गायब मिली, जिससे परिजनों को संदेह हुआ। शक के आधार पर परिजन जब उस क्वार्टर पहुंचे तो वह अंदर से बंद पाया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने किसी तरह अंदर प्रवेश किया, जहां आरती मृत अवस्था में पाई गई। घटना की सूचना मिलते ही बांकीमोंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
बताया गया है कि आरती बचपन से ही अपने नाना के साथ उसी क्वार्टर में रहकर पढ़ाई कर रही थी। नाना के एसईसीएल से सेवानिवृत्त होने के बाद पूरा परिवार गांव गुमिया शिफ्ट हो गया था और यह क्वार्टर लंबे समय से बंद पड़ा था।
पुलिस ने शव को एसईसीएल अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया। गुरुवार को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतिका के पिता अजीत टंडन ने बताया कि घटना से पहले घर में पारिवारिक स्तर पर सामान्य बातचीत और समझाइश हुई थी, लेकिन किसी को यह अंदेशा नहीं था कि मामला इतना गंभीर मोड़ ले लेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।
