कोरबा, 31 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। दर्री थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने लकवाग्रस्त पति की कीटनाशक पिलाकर हत्या कर दी। आरोपी महिला ने पुलिस पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक अरुण सिंह (38 वर्ष) आशा नगर लाटा का निवासी था। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसे लकवा मार गया था, जिससे वह पूरी तरह से बिस्तर पर आश्रित हो गया था। इसके अलावा वह टीबी जैसी गंभीर बीमारी से भी पीड़ित था। उसकी देखभाल उसकी पत्नी बंटी देवी (35 वर्ष) द्वारा की जा रही थी, वहीं परिवार के अन्य सदस्य आर्थिक सहयोग कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक 27 जनवरी की सुबह बंटी देवी ने अपने 13 वर्षीय बेटे को फूलों में छिड़काव का बहाना बनाकर बाजार से कीटनाशक मंगवाया। शाम के समय उसने बेटे और बेटी को कमरे से बाहर कर दिया और पानी में कीटनाशक मिलाकर पति को पिला दिया।
घटना के दौरान छोटी बेटी ने खिड़की से मां को कीटनाशक मिलाते हुए देख लिया और इसकी जानकारी अपने बड़े भाई को दी। बाद में दोनों बच्चों ने घर में रखी कीटनाशक की शीशी देखी, जो पूरी तरह खाली पाई गई।
रातभर दर्द से तड़पता रहा पति
कीटनाशक सेवन के कुछ समय बाद अरुण सिंह की तबीयत बिगड़ने लगी। रात करीब 1.30 बजे उसे उल्टियां शुरू हुईं। बच्चों ने बार-बार मां से पिता को अस्पताल ले जाने की गुहार लगाई, लेकिन महिला टालमटोल करती रही। पूरी रात अरुण दर्द से तड़पता रहा। 28 जनवरी की सुबह उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 30 जनवरी की सुबह उसकी मौत हो गई।
बच्चों की सूचना और संदेह के आधार पर पुलिस ने बंटी देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्त पूछताछ में पति की हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस को महिला के किसी अन्य व्यक्ति से लगातार फोन पर बातचीत के सबूत भी मिले हैं, जिससे अवैध संबंध की आशंका जताई जा रही है।
हत्या का मामला दर्ज, आरोपी जेल में
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या की धारा में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
