बिलासपुर, 31 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
शहर में अपराधियों के बीच पुरानी रंजिश एक बार फिर खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक हिस्ट्रीशीटर की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक निगरानी बदमाश एक सप्ताह पहले ही जेल से रिहा होकर बाहर आया था।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शानू उर्फ अमन हुसैन (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो हटरी चौक स्थित लाइफ केयर अस्पताल के पास का निवासी था। बताया जा रहा है कि शानू एक पुराने मामले में विकास तिवारी पर समझौते का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था।
इसी पुरानी रंजिश के चलते विकास तिवारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर शानू पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
वारदात से आक्रोशित मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव कर दिया, जिससे देर रात तक तनाव की स्थिति बनी रही। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
