कोरबा, 29 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले के वन क्षेत्रों में इन दिनों हाथियों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। करतला, जटगा और पसरखेत रेंज में कुल 75 हाथी अलग-अलग झुंडों में विचरण करते हुए देखे जा रहे हैं। हाथियों ने चिकनीपाली, मुकुवा और केराकछार क्षेत्रों को अपना सुरक्षित ठिकाना बना लिया है।
करतला रेंज के अंतर्गत चिकनीपाली जंगल में 11 हाथियों का एक दल पिछले करीब 15 दिनों से डेरा जमाए हुए है। वहीं कटघोरा वनमंडल की जटगा रेंज के मुकुवा क्षेत्र में 49 हाथियों का बड़ा झुंड पहाड़ी इलाके में सक्रिय है। वन विभाग के अनुसार यह दल पिछले एक महीने से अधिक समय से इसी क्षेत्र में देखा जा रहा है। हाथी आमतौर पर पहाड़ी क्षेत्र में ही ठहरते हैं और केवल पानी की तलाश में नीचे उतरते हैं, इसके बाद पुनः पहाड़ की ओर लौट जाते हैं।
इसी तरह कोरबा वनमंडल की पसरखेत रेंज के केराकछार क्षेत्र में 15 हाथियों का दल पिछले चार दिनों से मौजूद है। बताया जा रहा है कि इस झुंड में शावक हाथी भी शामिल है, जिस कारण दल लंबी दूरी तय नहीं कर रहा और सीमित क्षेत्र में ही ठहराव बना रहा है। इससे पहले यह दल कोरबा रेंज के बताती और गेरांव इलाके में भी कुछ दिनों तक देखा गया था।
हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग पूरी तरह सतर्क है। किसी भी तरह की जन-हानि या फसल नुकसान से बचाव के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही हाथियों की आवाजाही वाले गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है और सुरक्षित रहने की अपील की जा रही है।
