रायपुर, 28 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
राजधानी रायपुर की आवासीय कॉलोनियों में सूने मकानों को निशाना बनाने वाले एक आदतन चोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सिद्धार्थ सिंह उर्फ सिद्धू, निवासी दुर्ग अमलेश्वर के रूप में हुई है, जो पूर्व में चोरी और नकबजनी के एक दर्जन से अधिक मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, नगद राशि, घटना में प्रयुक्त एक चोरी की दोपहिया वाहन, एक मोबाइल फोन और एक एटीएम कार्ड जब्त किया है। जब्त माल की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
बताया गया कि रायपुर में कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद से आवासीय कॉलोनियों में हो रही चोरी की घटनाओं को पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने गंभीरता से लिया था। इसके बाद पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल एवं पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम द्वारा लगातार रात्रि गश्त, घटनास्थलों का निरीक्षण, पीड़ितों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के दौरान थाना डीडी नगर क्षेत्र की कॉलोनियों में सक्रिय एक गिरोह का पता चला। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर सिद्धार्थ सिंह उर्फ सिद्धू की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की दोपहिया वाहन से कॉलोनियों में घूम-घूमकर सूने मकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2), 331(4), 305, 3(5), 111 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस को उनसे और भी चोरी के मामलों के खुलासे की संभावना है।
