बस्तर, 28 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले के कोड़ेनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम किलेपाल में सूने मकानों का ताला तोड़कर नकदी चोरी करने वाले एक शातिर चोर को कोड़ेनार पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी, मोबाइल फोन, चोरी में प्रयुक्त औजार एवं एक मोसा वाहन जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी बामन बेट्टी पिता स्व. सुक्को बेट्टी, उम्र 28 वर्ष, निवासी कोड़ेनार लक्ष्मण पारा द्वारा दिनांक 27 जनवरी 2026 को थाना कोड़ेनार में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि अज्ञात चोर ने उनके घर का दरवाजा व आलमारी का ताला तोड़कर नगद 8,000 रुपये चोरी कर लिए। इसी तरह प्रार्थी गुड्डू कुहरामी पिता कोसो कुहरामी, उम्र 27 वर्ष, निवासी बड़े किलेपाल पुजारी पारा ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके घर में घुसकर आलमारी का लॉकर तोड़कर 10,000 रुपये चोरी किए गए।
दोनों मामलों में थाना कोड़ेनार में अपराध क्रमांक 06/2026 के तहत धारा 305, 331(3) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। आरोपी की पतासाजी हेतु पुलिस टीम गठित कर 28 जनवरी की रात क्षेत्र में सघन भ्रमण किया गया।
इसी दौरान बड़े किलेपाल आईटीआई के पास निर्माणाधीन मकान के समीप एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस वाहन की रोशनी देखकर छिपने का प्रयास करता नजर आया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम तेजेश्वर नायक पिता हरे कृष्णा नायक, उम्र 26 वर्ष, निवासी कोटवाड बड़ दुआर, वार्ड नंबर 09, थाना कोटपाड़, जिला कोरापुट (ओडिशा) बताया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने दिनांक 27 जनवरी 2026 को दोनों प्रार्थियों के घरों का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से लोहे की हथौड़ी, पेचकस, पेंचिंग, चोरी की कुल 14,290 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन एवं एक मोसा वाहन क्रमांक OD 10 T 6193 बरामद किया गया।
पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत 29 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय जगदलपुर में पेश किया गया।
