रायपुर, 28 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
रायपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना तिल्दा नेवरा पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 73 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से 1 लाख 87 हजार रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन और एक टैबलेट भी जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 जनवरी 2026 को थाना तिल्दा नेवरा पुलिस को सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक-22, सासाहोली स्थित अटल निवास में एक महिला अपने घर से मादक पदार्थ एवं प्रतिबंधित टेबलेट की अवैध बिक्री कर रही है। सूचना की पुष्टि के बाद नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी के निर्देशन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी।
मौके पर मौजूद महिला से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मधु मिश्रा, पति परस मिश्रा, उम्र 30 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक-22, श्मशान घाट के पास, अटल निवास सासाहोली, थाना तिल्दा नेवरा बताया। महिला ने स्वयं को मकान की स्वामिनी बताया।
मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को कमरे और आलमारियों में बनाए गए गुप्त चैम्बर से भारी मात्रा में गांजा, प्रतिबंधित टेबलेट, नकदी, चाकू, मोबाइल फोन और टैबलेट बरामद हुए। सख्ती से पूछताछ करने पर महिला ने मादक पदार्थ अपने कब्जे में रखना और उसकी बिक्री करना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन निश्चय के चलते अपराधी नए-नए तरीके अपनाकर नशे का कारोबार करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस लगातार सतर्कता बरतते हुए उनकी रणनीतियों को नाकाम कर रही है।
