कोरबा, 28 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)
कोरबा शहर में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाकर लोहे का पुल काटकर चोरी करने के मामले में कोरबा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। रशियन हॉस्टल के पास नहर पुल की रेलिंग गैस कटर से काटकर चोरी करने के मामले में फरार चल रहे पांच और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस प्रकरण में अब तक कुल 10 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना उरगा एवं चौकी सीएसईबी पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा इस संगठित चोरी गिरोह के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि दिनांक 17 जनवरी 2026 की दरमियानी रात रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल में लगे लोहे के पुल व रेलिंग को अज्ञात चोरों ने गैस कटर से काटकर चोरी कर लिया। शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 112(2), 317(2)(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
इसके अलावा 19 जनवरी 2026 की रात डेंगुरनाला के ऊपर बने लोहे के ब्रिज को भी इसी तरीके से काटकर चोरी किए जाने की एक और शिकायत दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने फरार चल रहे पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
गिरफ्तार आरोपियों में रोहित कुमार भगत (33), राजेश कुमार उपाध्याय (48), विक्की कुमार साह (24), मोहम्मद असलम (42) और मोहम्मद अब्दुल कादिर (19) शामिल हैं। इसके साथ ही दो नाबालिग बालकों की भी संलिप्तता सामने आई है। सभी आरोपी संगठित रूप से गैस कटर का उपयोग कर सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाते हुए चोरी कर लोहे को कबाड़ में खपाने का काम करते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों का नाम अन्य थाना क्षेत्रों—बालको, कुसमुंडा एवं नगर निगम क्षेत्र में हुई पाइप कटिंग और चोरी की घटनाओं में भी सामने आया है। इन मामलों में आगे की पूछताछ और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
अवैध कबाड़ कारोबार पर सख्ती
सार्वजनिक संपत्ति की चोरी पर अंकुश लगाने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा अवैध कबाड़ कारोबारियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना उरगा क्षेत्र में अवैध रूप से कबाड़ संचालन करने वाले कबाड़ संचालक मदन अग्रवाल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
कई कबाड़ यार्ड सील
कोरबा, कटघोरा और दर्री अनुभाग में चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक पांच कबाड़ यार्ड सील किए जा चुके हैं, जिनमें झगरहा स्थित सियाराम अग्रवाल के दो कबाड़ यार्ड, कुसमुंडा स्थित जाफर कबाड़ यार्ड और आरामशीन चौक स्थित पिंटू गुप्ता कबाड़ यार्ड शामिल हैं।
इस संयुक्त कार्रवाई में कोरबा पुलिस के साथ नगर निगम और तहसीलदार की टीम द्वारा दस्तावेजों, खरीद-बिक्री रजिस्टर, स्टॉक और माल के स्रोतों की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
