दुर्ग, 29 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट) :
आगामी जनगणना-2027 के सुचारू और सफल संचालन को लेकर दुर्ग कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अभिजीत सिंह ने आदेश जारी करते हुए जिले के विभिन्न नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 29 अधिकारियों को जनगणना संबंधी दायित्व सौंपे हैं। नियुक्तियाँ जिला स्तर से लेकर तहसील, नगर निगम, नगर पालिका और पंचायत स्तर तक की गई हैं।
आदेश के अनुसार, कलेक्टर अभिजीत सिंह पूरे जिले के लिए प्रमुख जनगणना अधिकारी होंगे। वहीं नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय, नगर निगम दुर्ग आयुक्त सुमीत अग्रवाल, नगर निगम रिसाली आयुक्त मोनिका वर्मा तथा नगर निगम भिलाई-चरोदा आयुक्त डी.एस. राजपूत को उनके-अपने निगम क्षेत्रों में प्रमुख जनगणना अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है।
इसके साथ ही अपर कलेक्टर अभिषेक अग्रवाल को जिला जनगणना अधिकारी तथा जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी कविता एथोनी को अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है।
अनुविभाग स्तर पर एसडीएम दुर्ग हरवंश सिंह मिरी, धमधा सोनल डेविड, पाटन लवकेश कुमार ध्रुव और भिलाई-3 महेश सिंह राजपूत को उनके संबंधित अनुविभागों के लिए अनुविभागीय जनगणना अधिकारी बनाया गया है।
तहसील स्तर पर तहसीलदार दुर्ग प्रफुल्ल कुमार गुप्ता, धमधा मीना साहू, पाटन पवन सिंह ठाकुर, बोरी तार सिंह खरे, भिलाई-3 रवि विश्वकर्मा तथा अहिवारा राधेश्याम वर्मा को चार्ज जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है।
नगर पालिक निगम भिलाई के विभिन्न जोनों में जोन आयुक्त अजय राजपूत (जोन-1), येशा लहरे (जोन-2), कुलदीप गुप्ता (जोन-3) और अमरनाथ दुबे (जोन-4 एवं 5) को जोन प्रमुख जनगणना अधिकारी बनाया गया है।
इसके अलावा नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में सीएमओ प्रीति गुप्ता (अमलेश्वर), नेतराम चन्द्राकर (कुम्हारी), सीमा बख्शी (जामुल), अंकुर पाण्डेय (अहिवारा), नेतराम रत्नेश (धमधा), राजेन्द्र नायक (उतई) और हेमन्त कुमार वर्मा (पाटन) को नगर चार्ज जनगणना अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना-2027 को सटीक, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सम्पन्न कराना इन सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।
