कोरबा, 29 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)
जिले में संगठित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोरबा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना उरगा पुलिस ने विद्युत केबल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी सहित कुल 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य का चोरी किया गया एल्यूमिनियम केबल और तार बरामद किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 27 जनवरी 2026 को वैष्णव ट्रेडिंग कंपनी के प्रोप्राइटर ने थाना उरगा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम लबेद में आरडीएसएस योजना के अंतर्गत विद्युत विभाग के केबल कन्वर्जन कार्य के बाद सामग्री को सुरक्षित रूप से गोदाम में रखा गया था, लेकिन 26 जनवरी की रात अज्ञात चोरों ने गोदाम को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चोरों द्वारा लगभग 400 मीटर एल्यूमिनियम केबल (70 स्क्वायर) जिसकी अनुमानित कीमत 80,400 रुपये तथा करीब 400 किलोग्राम एल्यूमिनियम तार, जिसकी कीमत लगभग 1,33,000 रुपये, चोरी कर ली गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा में अपराध क्रमांक 67/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान मुखबिर सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस टीम ने एक संगठित गिरोह को चिन्हित किया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन क्रमांक CG 12 AU 1442 को रोककर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों के पास से चोरी किया गया संपूर्ण एल्यूमिनियम केबल एवं तार बरामद कर विधिवत जप्त किया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुख्य आरोपी मदन अग्रवाल सहित हरियाणा और छत्तीसगढ़ के कुल छह आरोपी शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विद्युत संपत्ति की चोरी और संगठित अपराधों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध आगे भी सख्त और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी की सूचना तत्काल नजदीकी थाने में दें।
