कोरबा, 29 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने कोरबा जिले में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी ने बिजली वितरण विभाग में पदस्थ एक सहायक अभियंता को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला दीपका थाना क्षेत्र का है। यहां बिजली वितरण विभाग में कार्यरत सहायक अभियंता सत्येंद्र दिवाकर पर आरोप है कि उसने ग्राम रलिया निवासी किसान श्यामता टंडन से खेत में ट्रांसफार्मर स्थापित करने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। परेशान किसान ने इस पूरे मामले की शिकायत एसीबी से की, जिसके बाद जांच में आरोप सही पाए जाने पर टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
पूर्व नियोजित रणनीति के तहत बुधवार को जैसे ही आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद की गई है।
एसीबी ने सहायक अभियंता सत्येंद्र दिवाकर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद बिजली वितरण विभाग में हड़कंप मच गया है और कर्मचारियों में खलबली का माहौल है।
