बीजापुर, 29 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
बीजापुर जिले के ईलमिड़ी–लंकापल्ली क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए दो शक्तिशाली आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद कर उन्हें सुरक्षित तरीके से मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डीआरजी बीजापुर, थाना ईलमिड़ी पुलिस, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (9वीं वाहिनी) तथा बीडीएस टीम बीजापुर की संयुक्त टीम गुरुवार को सर्चिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान लंकापल्ली क्षेत्र की कच्ची सड़क पर डिमाइनिंग कार्रवाई करते समय जवानों को संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं।
जांच में खुलासा हुआ कि माओवादियों ने सड़क के बीचों-बीच 20 से 30 किलोग्राम वजन के दो आईईडी लगाए थे। ये विस्फोटक कमांड स्विच सिस्टम से जुड़े हुए थे और बड़े वाहनों को निशाना बनाने की नीयत से लगाए गए थे।
सूचना मिलते ही बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) की टीम मौके पर पहुंची और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए दोनों आईईडी को वहीं सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया।
सुरक्षा बलों की सतर्कता, तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई से नक्सलियों की यह बड़ी साजिश विफल हो गई, जिससे संभावित रूप से भारी जान-माल का नुकसान टल गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
