कांकेर, 29 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
उत्तर बस्तर कांकेर जिले की सिटी कोतवाली पुलिस ने अपनी सतर्कता और ईमानदारी से एक बार फिर जनता का भरोसा जीता है। नियमित रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम को ज्ञानी चौक क्षेत्र में एक लावारिस ट्रॉली बैग मिला, जिसमें कीमती आभूषण और नगदी रखी हुई थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 जनवरी 2026 की रात पेट्रोलिंग के दौरान जवानों की नजर सड़क किनारे पड़े लाल रंग के ट्रॉली बैग पर पड़ी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैग को तत्काल सिटी कोतवाली थाना लाकर सुरक्षित रखा गया।
बाद में सूचना मिलने पर बैग का वास्तविक स्वामी थाना पहुंचा। पहचान सत्यापन एवं आवश्यक जांच के दौरान बैग से लगभग 1 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण तथा 2 हजार रुपये नगद बरामद हुए। समस्त विधिक प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत पुलिस ने पूरा सामान सुरक्षित रूप से उसके मालिक को सौंप दिया।
पुलिस की इस त्वरित, पारदर्शी और जिम्मेदार कार्रवाई से आम नागरिकों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई है।
वहीं कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई लावारिस या संदिग्ध वस्तु दिखाई दे, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस कर्मियों को इसकी जानकारी दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
