भिलाई 29 जनवरी। (दुर्ग भिलाई अपडेट)
सोशल मीडिया पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल के खिलाफ की गई आपत्तिजनक, अभद्र और नफरत फैलाने वाली टिप्पणियों के विरोध में बुधवार को भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने सुपेला थाना का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता थाना परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर सुनियोजित तरीके से राजनीतिक द्वेष फैलाया जा रहा है। वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के खिलाफ सार्वजनिक मंचों पर गाली-गलौज लोकतांत्रिक मर्यादाओं के पतन को दर्शाती है और इससे सामाजिक सौहार्द को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश में कानून का भय समाप्त होता दिखाई दे रहा है, जिसके चलते असामाजिक तत्व बेखौफ होकर ऐसे कृत्य कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला केवल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सम्मान से जुड़ा नहीं है, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और समाज की एकता से सीधा संबंध रखता है।
कांग्रेस प्रतिनिधियों ने यह भी सवाल उठाया कि रायपुर में समान प्रकरण में कार्रवाई हुई, लेकिन दुर्ग जिले में अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए। पार्टी का आरोप है कि ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर अमित सेन नामक व्यक्ति द्वारा लगातार भूपेश बघेल के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं।
प्रदर्शन के दौरान थाना प्रभारी ने आईटी एक्ट के तहत आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साफ शब्दों में कहा— “आश्वासन नहीं, कार्रवाई चाहिए।”
इस विरोध प्रदर्शन में भिलाई नगर निगम के महापौर नीरज पाल, साडा के पूर्व उपाध्यक्ष बृजमोहन सिंह, प्रदेश सचिव धर्मेंद्र यादव, प्रदेश सचिव अतुल साहू, पूर्व महापौर नीता लोधी, जिला महामंत्री भूपेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
