28 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
आधार कार्ड धारकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) आज अपना नया आधार ‘सुपर ऐप’ का फुल वर्जन लॉन्च करने जा रहा है। UIDAI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर इसकी आधिकारिक जानकारी साझा की है। ऐप के लॉन्च के बाद आधार से जुड़ी कई सेवाएं अब मोबाइल के जरिए घर बैठे ही उपलब्ध होंगी।
अब मोबाइल नंबर अपडेट के लिए नहीं जाना होगा आधार केंद्र
नए आधार ऐप का सबसे बड़ा फायदा मोबाइल नंबर अपडेट सुविधा को लेकर है। अब तक आधार में मोबाइल नंबर बदलवाने के लिए लोगों को आधार सेवा केंद्रों में लंबी कतारों और भीड़ का सामना करना पड़ता था। लेकिन UIDAI के नए ऐप के फुल वर्जन के जरिए यूजर्स देश के किसी भी हिस्से से, बिना कहीं जाए, अपने आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट कर सकेंगे। इससे नौकरीपेशा और व्यस्त लोगों को खास राहत मिलेगी।
गोपनीयता और सुरक्षा पर खास फोकस
UIDAI का यह नया ऐप एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर पहले से डाउनलोड के लिए मौजूद है, लेकिन अब इसके सभी एडवांस फीचर्स एक्टिव हो जाएंगे। ऐप में डेटा सिक्योरिटी को लेकर कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं।
जब किसी को आधार वेरिफिकेशन के लिए जानकारी दिखानी हो, तो यूजर ‘मास्किंग’ फीचर का इस्तेमाल कर सकता है। इसके तहत आधार नंबर, जन्म तिथि और पता छिपाया जा सकेगा, जिससे पर्सनल डेटा के दुरुपयोग का खतरा कम होगा।
फिजिकल आधार कार्ड रखने की जरूरत नहीं
नए आधार ऐप के जरिए अब लोगों को अपने साथ आधार कार्ड की हार्ड कॉपी या फोटोकॉपी रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मोबाइल में डिजिटल आधार सुरक्षित रूप से उपलब्ध रहेगा, जिसे जरूरत पड़ने पर कहीं भी दिखाया जा सकेगा।
UIDAI का यह कदम डिजिटल इंडिया को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे करोड़ों आधार यूजर्स को सीधा फायदा मिलेगा।
