नई दिल्ली | 28 जनवरी
दुनिया के सबसे लोकप्रिय इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप वॉट्सऐप ने अपने यूजर्स की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए एक नया और बेहद दमदार फीचर लॉन्च किया है। इस फीचर का नाम ‘स्ट्रिक्ट अकाउंट सेटिंग्स’ रखा गया है। कंपनी इसे लॉकडाउन-स्टाइल सिक्योरिटी फीचर बता रही है, जिसका उद्देश्य यूजर्स को साइबर हमलों, हैकिंग और ऑनलाइन ठगी से बचाना है।
यह नया फीचर खासतौर पर पत्रकारों, मशहूर हस्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और हाई-प्रोफाइल यूजर्स के लिए काफी उपयोगी साबित होगा, जो अक्सर साइबर अपराधियों के निशाने पर रहते हैं।
अनजान नंबर और संदिग्ध लिंक पर पूरी तरह लगेगी रोक
जैसे ही यूजर ‘स्ट्रिक्ट अकाउंट सेटिंग्स’ को इनेबल करता है, वॉट्सऐप का सुरक्षा स्तर अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच जाता है। हालांकि, इस मोड में ऐप की कुछ सुविधाएं सीमित हो जाती हैं, लेकिन इसके बदले यूजर को बेहद मजबूत सुरक्षा मिलती है।
इस फीचर के एक्टिव होते ही:
अनजान नंबरों से आने वाले फोटो, वीडियो और अटैचमेंट्स ऑटोमैटिक ब्लॉक हो जाएंगे
चैट में भेजे गए लिंक्स का प्रिव्यू और थंबनेल दिखाई नहीं देगा
अनजान लोगों की कॉल अपने आप साइलेंट हो जाएगी
यह सभी उपाय यूजर को फिशिंग, मैलवेयर और अन्य संदिग्ध गतिविधियों से बचाने के लिए डिजाइन किए गए हैं।
एप्पल और गूगल की तर्ज पर मेटा का बड़ा कदम
मेटा (Meta) अब अमेरिका में तीसरी बड़ी टेक कंपनी बन गई है, जिसने अपने यूजर्स के लिए हाई-लेवल सिक्योरिटी मोड पेश किया है।
इससे पहले:
साल 2022 में एप्पल ने iPhone यूजर्स के लिए ‘लॉकडाउन मोड’ लॉन्च किया था
वहीं गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट ने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए ‘एडवांस्ड प्रोटेक्शन मोड’ दिया था
वॉट्सऐप ने एक ब्लॉग पोस्ट में कहा है कि कंपनी निजता के अधिकार की रक्षा में विश्वास रखती है और यह नया फीचर सबसे जटिल साइबर हमलों से बचाव की दिशा में एक अहम कदम है।
ऐसे करें ‘स्ट्रिक्ट अकाउंट सेटिंग्स’ फीचर एक्टिव
इस नए सिक्योरिटी फीचर का लाभ उठाने के लिए यूजर्स को इसे मैन्युअली एक्टिवेट करना होगा।
स्टेप्स:
वॉट्सऐप खोलें
Settings में जाएं
Privacy सेक्शन चुनें
Advanced Options में जाकर
‘Strict Account Settings’ को इनेबल करें
कंपनी के अनुसार, आने वाले कुछ हफ्तों में यह फीचर ग्लोबल लेवल पर सभी यूजर्स के लिए रोलआउट कर दिया जाएगा।
