दुर्ग, 28 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका 29 जनवरी 2026 को जिले के अंजोरा (दुर्ग) क्षेत्र का प्रवास करेंगे। अपने इस दौरे के दौरान वे वासुदेव चन्द्राकर कामधेनू विश्वविद्यालय, अंजोरा में आयोजित चतुर्थ दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महामहिम राज्यपाल 29 जनवरी को पूर्वान्ह 10.15 बजे लोक भवन, रायपुर से सड़क मार्ग द्वारा रवाना होकर पूर्वान्ह 11.30 बजे अंजोरा (दुर्ग) पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन एवं विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
राज्यपाल श्री डेका विश्वविद्यालय के चतुर्थ दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जहां वे विद्यार्थियों को उपाधियां एवं स्वर्ण पदक प्रदान करेंगे तथा उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम की समाप्ति के पश्चात महामहिम राज्यपाल अपरान्ह 2.45 बजे सड़क मार्ग से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। राज्यपाल के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
