बीजापुर, 28 जनवरी (दुर्ग-भिलाई अपडेट)।
बीजापुर जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने एक ही समय पर नगर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर गांजा और नशीली गोलियों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक सुदीप सरकार के दिशा-निर्देशन में 27 जनवरी 2026 को यह कार्रवाई की गई। इसके तहत कोतवाली पुलिस की तीन अलग-अलग टीमों ने विजय नगर और अटल आवास क्षेत्र में दबिश दी।
विजय नगर क्षेत्र से आरोपी पापैया गोनेट (47 वर्ष), पिता कांता उर्फ कन्ना गोनेट, को अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं अटल आवास क्षेत्र से सहजान खान (30 वर्ष), पिता फिरदौस खान, को नशीली गोलियां (टैबलेट) रखने और कारोबार करने के आरोप में पकड़ा गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की है। बीजापुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
बीजापुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की बिक्री या सेवन की जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस को सूचित करें, ताकि जिले को नशा-मुक्त बनाने के अभियान में सबका सहयोग मिल सके।
