बिलासपुर, 28 जनवरी (दुर्ग-भिलाई अपडेट)।
जिले की थाना रतनपुर पुलिस ने नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पीड़िता को पाली (जिला कोरबा) से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 31 दिसंबर 2025 को पीड़िता की परिजन ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 दिसंबर 2025 को उनकी नाबालिग बेटी को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर कहीं ले गया है। रिपोर्ट के आधार पर थाना रतनपुर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रतनपुर ने उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नुपूर उपाध्याय के निर्देश पर आरोपी एवं नाबालिग की पतासाजी के लिए विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान नाबालिग के पाली, जिला कोरबा में होने की सूचना मिली, जिस पर पुलिस टीम पाली रवाना हुई। वहां से आरोपी सुमीत कुमार यादव निवासी दोनासागर, थाना रतनपुर के कब्जे से पीड़िता को बरामद किया गया। पीड़िता के कथन के आधार पर आरोपी द्वारा जबरन भगाकर ले जाने और दुष्कर्म करने की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सुरक्षित रूप से परिजनों को सौंप दिया गया है।
