बिलासपुर, 28 जनवरी (दुर्ग–भिलाई अपडेट)।
शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधी चौक रोड पर सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक कार स्टंट करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
वायरल वीडियो में सफेद रंग की हुंडई आई-20 कार (क्रमांक CG 12 BT 1243) में सवार युवक चलते वाहन में जानलेवा स्टंट करते नजर आए। वीडियो में वंश सक्तेल, कुनाल साहू और शाहरुख इरानी कार की खिड़कियों पर बैठकर स्टंटबाजी करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि वाहन को हर्ष वर्धन सिंह द्वारा लापरवाही और तेज रफ्तार में चलाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि यह वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
मामले की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने संज्ञान लेते हुए आरोपियों के विरुद्ध धारा 281, 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और 189 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है। वहीं, वाहन चालक हर्ष वर्धन सिंह के ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी कर आम लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगा।
