दुर्ग, 28 जनवरी (दुर्ग–भिलाई अपडेट)। मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन विष्णुदेव साय ने मंगलवार को दुर्ग जिले में पुलिस विभाग के लिए नवनिर्मित आवासों एवं विभिन्न भवनों का वर्चुअल लोकार्पण किया। ये निर्माण कार्य छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के माध्यम से पूर्ण किए गए हैं।
कार्यक्रम के तहत नई पुलिस लाइन, दुर्ग में 36 अराजपत्रित अधिकारियों तथा 48 प्रधान आरक्षक/आरक्षकों के लिए बनाए गए आवास गृहों का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही दुर्ग में नवनिर्मित ट्रांजिट हॉस्टल, थाना पद्मनाभपुर भवन, थाना पुलगांव भवन एवं धमधा स्थित पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय का भी वर्चुअल उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल और उनके परिवारों की सुविधाओं को लेकर निरंतर संवेदनशील रही है। उन्होंने पुलिस परिवारों की मांगों को ध्यान में रखते हुए सर्व-सुविधायुक्त सामुदायिक भवन निर्माण, हाईमास्ट लाइट की स्थापना तथा पुलिस आवासों के मरम्मत कार्य कराए जाने का आश्वासन दिया।
जिला दण्डाधिकारी दुर्ग अभिजीत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जब पूरा समाज रात्रि में विश्राम करता है, तब पुलिस बल नागरिकों की सुरक्षा के लिए मुस्तैदी से ड्यूटी करता है। नवनिर्मित आवासों और भवनों से पुलिस कर्मियों के जीवन स्तर के साथ-साथ उनकी कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी।
कार्यक्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के एसडीओ नवीन वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक, वार्ड पार्षद लोकेश्वरी ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
