कोरबा, 28 जनवरी (दुर्ग–भिलाई अपडेट)।
कोरबा जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर सख्त नियंत्रण के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने तड़के सुबह एक बड़ा विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत लूट, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों में पूर्व में संलिप्त रहे कुल 102 आरोपियों को थाना एवं चौकियों में तलब कर उनकी परेड कराई गई।
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों को अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया।
आज सुबह करीब 4 बजे से जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विशेष कार्रवाई शुरू की गई। अभियान के दौरान उन आदतन अपराधियों को उनके निवास स्थान से थानों में बुलाया गया, जो पूर्व में लूट एवं डकैती के मामलों में जेल जा चुके हैं। थाना परिसरों में सभी आरोपियों का सत्यापन, रिकॉर्ड जांच और काउंसलिंग की गई। साथ ही उन्हें भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।
कार्रवाई के दौरान सक्रिय आरोपियों के विरुद्ध परिस्थितियों के अनुसार धारा 110, 107, 116(3) एवं 129 बीएनएसएस के तहत विधिवत कार्रवाई की गई। कई आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई, वहीं कुछ के विरुद्ध थाना एवं चौकियों में हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों और आदतन अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। नागरिकों की सुरक्षा, शांति और विश्वास बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, चौकी या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
