राजनांदगांव, 28 जनवरी (दुर्ग-भिलाई अपडेट)।
तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजनांदगांव सहित राज्य के आठ जिलों में आधुनिक सुविधाओं से लैस नए साइबर पुलिस थानों का विधिवत उद्घाटन किया। ये साइबर पुलिस थाने राजनांदगांव, जशपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा, बलौदा बाजार, धमतरी एवं महासमुंद जिलों में स्थापित किए गए हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराध केवल तकनीकी चुनौती नहीं रह गए हैं, बल्कि यह कानून-व्यवस्था, आर्थिक सुरक्षा और आम नागरिकों के विश्वास से जुड़ा एक गंभीर विषय बन चुका है। ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी, फर्जी निवेश योजनाएं, साइबर ब्लैकमेलिंग, ऑनलाइन सट्टेबाजी और सोशल मीडिया के दुरुपयोग जैसे अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नए साइबर पुलिस थानों की स्थापना का उद्देश्य साइबर अपराधों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इन थानों में अत्याधुनिक तकनीकी संसाधन, साइबर विशेषज्ञों की टीम तथा विशेष रूप से प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जिससे शिकायतों की जांच तेजी और सटीकता के साथ की जा सकेगी।
राज्य शासन आने वाले समय में साइबर अपराध अनुसंधान को और सुदृढ़ करने के लिए डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक संकलन, मोबाइल फॉरेंसिक जांच, डेटा विश्लेषण, तथा अंतर-राज्यीय एवं अंतर-एजेंसी समन्वय के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएगा। सरकार का यह कदम प्रदेश में साइबर सुरक्षा को मजबूत बनाने के साथ-साथ आम जनता को सुरक्षित डिजिटल वातावरण प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है।
