गरियाबंद, 28 जनवरी (दुर्ग–भिलाई अपडेट)। आगामी राजिम मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए गरियाबंद पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर जिले में गुंडा और निगरानी बदमाशों की विशेष समीक्षा की गई।
अभियान के तहत थाना क्षेत्र में चिन्हित आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को थाने बुलाकर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली गई। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें स्पष्ट शब्दों में चेताया कि मेला अवधि के दौरान किसी भी तरह की अवैधानिक गतिविधि, विवाद या अशांति फैलाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस दौरान 11 गुंडा बदमाशों और 9 निगरानी बदमाशों से पूछताछ कर उन्हें शांति भंग न करने की हिदायत दी गई। साथ ही सभी को कानून का पालन करने और संदिग्ध गतिविधियों से दूर रहने के निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि राजिम मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है। जरूरत पड़ने पर आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और नागरिकों को सुरक्षित माहौल मिल सके।
