रायपुर, 28 जनवरी (दुर्ग–भिलाई अपडेट)। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी कड़ी में तेलीबांधा थाना पुलिस ने एक महिला को गांजा रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, पकड़ी गई महिला की पहचान आरती तेलासी (30 वर्ष), निवासी सुभाष नगर, देवारपारा के रूप में हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान महिला के पास से एक सफेद प्लास्टिक बैग और एक कपड़े का थैला बरामद किया गया।
जांच में प्लास्टिक बैग से 2.170 किलोग्राम और कपड़े के थैले से 1.530 किलोग्राम गांजा मिला। इस तरह कुल 3.700 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30,700 रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष नशा विरोधी अभियान के तहत की गई। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
