रायपुर, 27 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। ऑनलाइन वर्क-फ्रॉम-होम के जरिए मुनाफा कमाने का झांसा देकर 24 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह पर रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रेंज साइबर थाना रायपुर ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन मुख्य आरोपियों को राजस्थान और महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी पारस कुमार धीवर ने थाना राखी में शिकायत दर्ज कराई थी कि ऑनलाइन वर्क-फ्रॉम-होम के नाम पर उससे 24 लाख रुपये की ठगी की गई। शिकायत पर थाना राखी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान ऑपरेशन साइबर शील्ड के अंतर्गत बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और टेलीग्राम प्लेटफॉर्म से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया। प्राप्त तथ्यों के आधार पर ठगी में शामिल मुख्य आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों को महाराष्ट्र और राजस्थान भेजा गया, जहां दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में—
उत्पल पंचारिया (21 वर्ष), निवासी मेघवाल बस्ती, पौटा सी रोड, आकाशवाणी के पीछे, जोधपुर (राजस्थान)
रोहित बबन कौलगे (31 वर्ष), निवासी हरिपुर, दत्त पार्क, सांगली (महाराष्ट्र)
सुमित श्रीनिवास राठी (41 वर्ष), निवासी आनंदी अपार्टमेंट, चेतना पेट्रोल पंप के पास, जवल, सांगली (महाराष्ट्र)
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन निवेश या वर्क-फ्रॉम-होम के नाम पर आने वाले प्रलोभनों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
