रायपुर, 27 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन निश्चय के तहत रायपुर और महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने तीन चेकपोस्ट तोड़कर फरार होने की कोशिश कर रहे दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 35 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े 17 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश कुमार गुप्ता और अमित सिंह, निवासी महाराष्ट्र के रूप में हुई है। दोनों आरोपी चार पहिया वाहन से गांजा लेकर महासमुंद से रायपुर की ओर आ रहे थे। सूचना मिलने पर महासमुंद पुलिस ने नाकाबंदी की, लेकिन आरोपियों ने बैरियर तोड़ते हुए वाहन तेज़ी से भगाकर फरार होने का प्रयास किया।
इसके बाद रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के विधानसभा थाना पुलिस को अलर्ट किया गया। आमसिवनी रिंग रोड नंबर-3 ब्रिज के पास डायल 112 की मदद से घेराबंदी कर पुलिस ने दोनों तस्करों को दबोच लिया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की, जिसमें एक जवान बाल-बाल बच गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से वाहन क्रमांक एमएच 46 सीव्ही 2841, गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल मिलाकर जब्त सामग्री की कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है।
इस कार्रवाई को रायपुर रेंज आईजी अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधानसभा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें दो दिन की रिमांड पर लिया है। महासमुंद और रायपुर पुलिस संयुक्त रूप से आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन निश्चय के तहत नशा तस्करों पर लगातार नजर रखी जा रही है। नागरिकों से अपील की गई है कि नशे से जुड़े किसी भी अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। आगे भी इस तरह की तस्करी रोकने के लिए सख्त अभियान जारी रहेंगे।
