कांकेर, 27 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
कांकेर जिले में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के लिए कांकेर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। मोटरसाइकिलों में लगाई जा रही तेज आवाज वाली अवैध मॉडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए यातायात पुलिस ने करीब 100 साइलेंसर जब्त कर बुलडोजर चलाकर सार्वजनिक रूप से नष्ट कर दिए।
यह कार्रवाई दिनांक 27.01.2026 को पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशानुसार, अतिरिक्त मार्गदर्शन में आकाश श्रीश्रीमाल तथा पर्यवेक्षण में डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई। अभियान का संचालन दीपक साव, रक्षित निरीक्षक यातायात प्रभारी कांकेर एवं यातायात पुलिस टीम द्वारा किया गया।
यातायात नियमों के पालन और ध्वनि नियंत्रण अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग कर मोटरसाइकिलों में लगे अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए। जब्त सभी साइलेंसरों को सिविल लाइन मार्ग पर बुलडोजर से नष्ट किया गया, ताकि आमजन को स्पष्ट संदेश दिया जा सके कि कानून उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि तेज आवाज वाले साइलेंसर न केवल गैरकानूनी हैं, बल्कि इससे स्वास्थ्य, शांति और सड़क सुरक्षा पर भी नकारात्मक असर पड़ता है। ऐसे साइलेंसर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाते हैं।
यातायात पुलिस कांकेर ने वाहन मालिकों और चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि भविष्य में यदि किसी वाहन में दोबारा मॉडिफाइड साइलेंसर पाया गया तो उसके विरुद्ध और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे मोटरयान अधिनियम का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें और सुरक्षित व शांतिपूर्ण यात्रा सुनिश्चित करें। पुलिस ने साफ किया है कि इस प्रकार का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
