रायपुर, 27 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार पर नकेल कसते हुए तेलीबांधा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध रूप से गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 4.437 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27 जनवरी की मध्यरात्रि तेलीबांधा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवंति विहार क्षेत्र स्थित शीतला तालाब के पास एक युवक गांजा बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर आरोपी युवक मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विशाल उर्फ गंगा यादव, पिता देवेंद्र यादव, उम्र 26 वर्ष, निवासी सुभाष नगर वृद्धा आश्रम के पास, थाना तेलीबांधा, रायपुर (छत्तीसगढ़) बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक सफेद प्लास्टिक का थैला बरामद हुआ, जिसमें 4.437 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा रखा मिला। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।
