रायपुर, 27 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में शांति, कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता अभियान चलाया। इस दौरान डीसीपी सेंट्रल ज़ोन के अंतर्गत नशे के कारोबार, अवैध शराब बिक्री, अनैतिक गतिविधियों और पब्लिक न्यूसेंस फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के स्पष्ट निर्देशों एवं डीसीपी सेंट्रल ज़ोन उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में क्राइम यूनिट और संबंधित थानों की संयुक्त टीमों ने कोतवाली, गंज और मौदहापारा थाना क्षेत्रों में त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही की। अभियान के तहत ड्राई डे के दिन अवैध रूप से शराब बेचने वालों और नशीली दवाइयों का कारोबार करने वालों को निशाना बनाया गया।
नशीली दवाओं और अवैध शराब के साथ कई आरोपी गिरफ्तार
थाना गंज क्षेत्र से शुभम साहू (30 वर्ष) को नाइट्राजेपम, अल्प्राजोलम, स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन कैप्सूल जैसी नशीली दवाइयों के साथ गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(बी) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं फाफाडीह चौक से आकाश सिंह (28 वर्ष) को ड्राई डे के दौरान 5 बोतल अंग्रेजी शराब मैकडॉवेल्स नंबर वन के साथ पकड़कर आबकारी एक्ट की धारा 34(1) में कार्रवाई की गई।
थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में प्रद्युम्न तांडी (45 वर्ष) से 45 पाव और सुरेश बंजारे (25 वर्ष) से 42 पाव गोवा स्पेशल व्हिस्की सहित नकद राशि जब्त कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इसी तरह थाना मौदहापारा क्षेत्र में अमजद खान (38 वर्ष) से 24 पाव गोवा स्पेशल व्हिस्की व बिक्री की रकम जब्त की गई, जबकि सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करते पाए गए अनिमेष तिवारी (26 वर्ष) के विरुद्ध धारा 36(च) आबकारी एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी जारी रहेगा अभियान
संपूर्ण कार्रवाई की मॉनिटरिंग एडिशनल डीसीपी सेंट्रल ज़ोन तारकेश्वर पटेल द्वारा की गई। डीसीपी सेंट्रल ज़ोन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार पेट्रोलिंग, चेकिंग और मुखबिर तंत्र के माध्यम से निगरानी की जा रही है।
वहीं पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि कमिश्नरेट क्षेत्र में अवैध शराब, नशीली दवाओं और पब्लिक न्यूसेंस फैलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि आम नागरिक सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण में जीवन यापन कर सकें।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब बिक्री, नशे का कारोबार या शांति भंग करने वाली गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समाज को नशामुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।
