धमतरी, 27 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर घोषित शुष्क दिवस के बावजूद अवैध रूप से शराब की बिक्री करने वालों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से कुल 94 पौवा देशी शराब तथा नकद बिक्री रकम जब्त की गई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 26 जनवरी 2026 को थाना सिटी कोतवाली को मुखबिर से सूचना मिली कि महात्मा गांधी वार्ड और विंध्यवासिनी वार्ड क्षेत्र में शुष्क दिवस के बावजूद शराब बेची जा रही है।
सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी। पहले मामले में नयापारा, महात्मा गांधी वार्ड क्षेत्र से एक आरोपी को उसके निवास स्थान पर अवैध रूप से शराब संग्रहित कर बिक्री करते पकड़ा गया। उसके पास से देशी प्लेन और देशी मसाला शराब के कुल 32 पौवा तथा बिक्री की नकद राशि बरामद की गई।
दूसरे मामले में विंध्यवासिनी वार्ड क्षेत्र से एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से 62 पौवा देशी प्लेन व मसाला शराब के साथ बिक्री की रकम जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
