जगदलपुर।(अर्जुन झा): सुरक्षा बलों ने बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले के बारसूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुफा के जंगली पहाड़ी में माओवादी विस्फोटक आईईडी की बरामदगी की है। बरामद विस्फोटकों को बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।

दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा जिले में पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरके बर्मन के मार्गदर्शन में लगातार नक्सल गश्त व सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। सीआरपीएफ के पोलसेंट सीजी सेक्टर से थाना बारसूर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुफा के वन क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा आईईडी प्लांट ए जाने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर थाना बारसूर के ग्राम गुफा के समीप वन क्षेत्र में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखा गया विस्फोटक डंप चिन्हित किया गया। 27 जनवरी को ऑपरेशन के दौरान प्रातः 6 बजे से ग्राम गुफा एवं उसके आसपास के वन क्षेत्र में डी-माइनिंग कार्रवाई की गई। सहायक कमांडेंट हिमांशु के नेतृत्व में यंग प्लाटून, 195 बटालियन एवं बम डिस्पोजल टीम और सिविल पुलिस थाना बारसूर ने ऑपरेशन शुरू किया। अभियान का समग्र नेतृत्व 195 बटालियन के कमांडेंट अनिल कुमार सिंह ने किया। मौके पर सघन तलाशी के दौरान 1 डायरेक्शनल पाइप बम एवं पांच किलो वजनी डेटोनेटर, पांच किलो वजन का एक प्रेशर कुकर आईईडी और 15 मीटर वायर बरामद किए गए।इन विस्फोटक सामग्री को बीडीएस टीम द्वारा निर्धारित मानक प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर सुरक्षा बलों एवं आम नागरिकों को होने वाली संभावित क्षति को टाल दिया गया। यह सफल कार्रवाई आसूचना एजेंसियों, सीआरपीएफ इकाइयों एवं स्थानीय पुलिस के बीच उत्कृष्ट समन्वय को दर्शाती है तथा क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
