कबीरधाम, 27 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है। थाना पिपरिया क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 21.780 बल्क लीटर अवैध देशी शराब जब्त करते हुए एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा डीएसपी आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कश्यप के नेतृत्व में पुलिस टीम पेट्रोलिंग और संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने मछली पसरा, पिपरिया क्षेत्र में दबिश दी।
दबिश के दौरान एक व्यक्ति को अवैध रूप से शराब बेचते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नागेश्वर यादव (34 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 2, पिपरिया बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से विभिन्न ब्रांड की कुल 121 पौवा देशी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 21.780 बल्क लीटर पाई गई। साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त 300 रुपये नकद भी जब्त किए गए। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 10,780 रुपये बताई जा रही है।
आरोपी शराब से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। जब्त शराब और नकदी को सीलबंद कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक राजेश्वर ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक डोमन बंजारे, प्रधान आरक्षक देवा चंद्रवंशी सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
