जांजगीर-चांपा, 27 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले में अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जांजगीर पुलिस लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कच्ची महुआ शराब की तस्करी में लिप्त एक महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से करीब 12.6 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 3,350 रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार महिला की पहचान शिव कुमारी सूर्यवंशी (45 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 17, खोखरा जांजगीर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर की गई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में टीम ने दबिश दी।
मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम खोखरा में छापेमारी कर महिला को अवैध शराब के साथ रंगे हाथों पकड़ा। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर, आरक्षक जिवंती कुजूर एवं विनोद राठौर की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार अभियान चलाया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
