दुर्ग, 27 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र सड़क हादसों पर लगाम लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दुर्ग पुलिस ने 26 जनवरी 2026 को ऑपरेशन सुरक्षा के तहत शहरभर में व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के 14 प्रमुख पॉइंट्स पर थाना व यातायात पुलिस की संयुक्त टीमों ने सघन चेकिंग की।
जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 122 वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इनमें यातायात पुलिस द्वारा 99, भिलाई नगर क्षेत्र से 10, चौकी नगपुरा (थाना पुलगांव) से 4, भिलाई भट्टी से 3, अमलेश्वर व नंदिनी नगर से 2-2 तथा नेवई और छावनी से 1-1 प्रकरण शामिल हैं।
तेज रफ्तार, सड़क पर स्टंट, और नंबर प्लेट ढंककर पहचान छिपाने जैसे गंभीर उल्लंघनों पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। ऐसे मामलों में 13 दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर वाहनों को जब्त किया गया। इनमें मोहन नगर थाना क्षेत्र से 6, भिलाई नगर से 5, जबकि सुपेला और नेवई से एक-एक प्रकरण दर्ज हुआ। इन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
