*-अर्जुन झा-* भोपालपटनम | 27 जनवरी 2026 |
भोपालपटनम नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। नगर के शासकीय, अर्धशासकीय, निजी विद्यालयों एवं विभिन्न संस्थानों में तिरंगा झंडा फहराकर राष्ट्र को नमन किया गया।
इस अवसर पर स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष के करकमलों द्वारा तिरंगा झंडा फहराया गया तथा झंडे को सलामी दी गई। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रातः 7:00 बजे विद्यालय प्रांगण से प्रभात फेरी निकाली गई, जो मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुँची। प्रभात फेरी के दौरान छात्र-छात्राओं ने “भारत माता की जय”, “वीर शहीदों अमर रहें” जैसे देशभक्ति नारों से नगर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। इसके पश्चात तिरंगा झंडा फहराकर राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया।
विद्यालय प्रांगण में आयोजित मुख्य समारोह में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, अध्यक्ष एवं विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में मंचीय कार्यक्रम संपन्न हुआ। मुख्य अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया, जिसके उपरांत विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स द्वारा आकर्षक परेड व सलामी दी गई।
कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी व हिंदी माध्यम विद्यालय, डीएवी विद्यालय, गौरव पब्लिक स्कूल, प्राथमिक बालक विद्यालय भोपालपटनम, आदर्श एकलव्य विद्यालय रूद्ररम सहित अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। प्रस्तुतियाँ राष्ट्रप्रेम और संविधान के मूल्यों से ओतप्रोत रहीं।
दोपहर 3:00 बजे से विद्यालय परिसर में आनंद मेला का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं द्वारा स्वरुचि से तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद उठाने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और मेले में उत्साह का माहौल बना रहा।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर भोपालपटनम नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के सभी शासकीय व निजी संस्थानों में भी ध्वजारोहण किया गया। पुलिस थाना, एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय, नगर पंचायत, पीएचई कार्यालय, जनपद पंचायत कार्यालय बी ईओ कार्यालय बीआरसी कार्यालय कन्या शाला आंगनवाड़ी केंद्रों सहित विभिन्न कार्यालयों में तिरंगा फहराकर मिठाइयाँ वितरित की गईं।
इस भव्य आयोजन में सभी विद्यालयों के प्राचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, नगर के गणमान्य नागरिक, व्यापारी, पत्रकार तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
