कोरबा, 27 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से प्रशासन को झकझोर देने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। नगर सेना (होमगार्ड) के एक जवान ने कथित रूप से नौकरी से बर्खास्तगी और लंबे समय से चले आ रहे मानसिक तनाव से परेशान होकर कलेक्टर परिसर में आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित नगर सैनिक की पहचान संतोष पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी सेवा समाप्त किए जाने से आहत था और इसी मानसिक दबाव में सोमवार को कलेक्टर कार्यालय परिसर पहुंचा, जहां उसने जहर सेवन कर लिया। परिसर में मौजूद लोगों ने जब उसकी हालत बिगड़ती देखी तो तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी और इलाज में जुटी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार जवान की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और कलेक्टर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। वहींअस्पताल परिसर में भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में नगर सेना के जवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंच गए। अपने साथी की हालत को लेकर जवानों में गहरी चिंता और आक्रोश देखा गया। कई नगर सैनिकों ने इसे व्यवस्था की विफलता बताते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
