बिलासपुर | 27 जनवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)
शहर सहित आसपास के इलाकों में एसी के कॉपर वायर चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। सिविल लाइन और तारबहार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इस मामले में एक युवक, एक अपचारी बालक और चोरी का माल खरीदने वाले दो कबाड़ियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पूछताछ में आरोपियों ने व्यापार विहार स्थित मुथूट फाइनेंस कार्यालय और मंगला चौक के एक ऑफिस से एसी का कॉपर वायर चोरी करना स्वीकार किया। चोरी किया गया कॉपर वायर कबाड़ियों को बेच दिया गया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 173 फीट कॉपर वायर बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख रुपये बताई जा रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि चोरी की अन्य घटनाओं को लेकर भी आरोपियों से पूछताछ जारी है।
