बिलासपुर, 27 जनवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
रतनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चाकू दिखाकर आम लोगों को डराने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कोसगाई मंदिर के आसपास एक युवक हथियार लेकर लोगों को भयभीत कर रहा है, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान रामकुमार कहरा (30 वर्ष), निवासी कहरापारा, रतनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
