बिलासपुर, 27 जनवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
सरकंडा थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक युवती ने अपने पार्टनर पर शारीरिक शोषण, मारपीट और गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पीड़िता हिंदू संगठन के सदस्यों के साथ सरकंडा थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता के अनुसार वर्ष 2021 में उसकी पहचान शेख सलमान से हुई थी। आरोपी ने विवाह का आश्वासन देकर उसे अपने साथ रखा और दोनों कई वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। इस दौरान उनके दो बच्चे भी हुए। युवती का आरोप है कि आरोपी ने शादी का वादा कर उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया।
युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी द्वारा उसके साथ कई बार मारपीट की गई। उसने जान से मारने की धमकी देने के साथ-साथ गंभीर हिंसा करने का भी प्रयास किया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि हाल ही में आरोपी ने जबरन दोनों बच्चों को अपने पास रख लिया है और उन्हें वापस न करने की धमकी दे रहा है।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शेख सलमान के खिलाफ धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। सरकंडा थाना पुलिस का कहना है कि मामला गंभीर है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। बच्चों से जुड़े तथ्यों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पीड़िता को आवश्यक सुरक्षा एवं कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
