बस्तर, 27 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए बस्तर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा अभियान लगातार सफल साबित हो रहा है। इसी अभियान के तहत नगरनार थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से रायपुर ले जाए जा रहे गांजा की खेप जब्त की है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 26 जनवरी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम धनपुंजी मंडी नाका, राष्ट्रीय राजमार्ग-63 के पास एक महिला गांजा लेकर रायपुर जाने वाली बस का इंतजार कर रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नगरनार थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर पुलिस ने बताए गए हुलिए की महिला को सड़क किनारे नीले रंग का बैग लिए खड़ा पाया। पुलिस को देखते ही महिला भागने का प्रयास करने लगी, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पकड़ी गई महिला ने पूछताछ में अपना नाम सुमन पाल (उम्र 40 वर्ष) निवासी संजय गांधी नगर, कानपुर (उत्तर प्रदेश) बताया। तलाशी लेने पर महिला के बैग से दो पैकेटों में रखा 4.667 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही उसके पास से दो मोबाइल फोन और 1,000 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
जब्त किए गए गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 लाख 44 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
